अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान की महिलाएं हुई सम्मानित
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए 8 मार्च, 2022 को नई दिल्ली में राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने राजस्थान की मांड और भजन लोकगीत गायिका बतुल बेगम को नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया। यह पुरस्कार उन्हें भारतीय लोक संगीत को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलवाने के लिए दिया गया।
प्रदेश में कोविड टीकाकरण कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाली राजस्थान की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता ए.एन.एम. श्रीमती कौशल्या सांगानेर, जयपुर और सुनीता महिया सीएचसी मकराना, नागौर को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्रीमती कौशल्या ने 76 हजार से ज्यादा लोगों का एवं सुनीता महिया ने 74 हजार से ज्यादा लोगों का कोविड वैक्सीनेशन करवाया। जो पूरे देश में रिकॉर्ड उपलब्धि है।